बोकारो: बेरमो में गर्भवती महिला अनिता देवी की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ था. लोगों द्वारा लगातार विरोध-प्रदर्शन और सड़क जाम किए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी.


बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने रविवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 29 मई 2026 की रात करीब 9 बजे बेरमो थाना क्षेत्र के 05 नंबर धौड़ा में अनिता देवी और उनके पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद धीरे- धीरे बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया. इस दौरान हुई मारपीट में गर्भवती अनिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए ढोरी स्थित रिजनल अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गया.
पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू की. जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में बबलू कुमार उर्फ़ बबलू भुईयां, सुरेन्द्र भुईयां, वीरेंद्र कुमार भारती, राहुल दिगार, धिरेन भुईयां उर्फ़ धिरेन कुमार भारती और राजेश कुमार शामिल हैं.
डीएसपी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है.
रिपोर्ट :शुभम मिश्रा



