जामताड़ा : झारखंड क्रिकेट के इतिहास में पहली बार आयोजित की जा रही झारखंड टी-20 लीग (J-T20) के पहले सीजन की नीलामी में जामताड़ा के युवा क्रिकेटरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की नीलामी शनिवार को जमशेदपुर के एनएच-33 स्थित वेव इंटरनेशनल होटल में संपन्न हुई. नीलामी में जामताड़ा के छह खिलाड़ियों को विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों ने अपनी टीम में शामिल किया.


नीलामी में जामताड़ा के उभरते क्रिकेटर राम रोशन शरण सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए. उन्हें धनबाद डायमंड्स ने 3.25 लाख रुपये में खरीदा. वहीं प्रिंस अनुराग मुर्मू को रांची टाइटंस ने 2.40 लाख रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया.
इसके अलावा ओम सिंह, मुकेश कुमार, हतिक आनंद और अविनाश कुमार को भी विभिन्न फ्रेंचाइजी टीमों ने 50-50 हजार रुपये में खरीदा. ओम सिंह और मुकेश कुमार रांची टाइटंस का हिस्सा बने. हतिक आनंद को जमशेदपुर स्टीलर्स ने अपनी टीम में शामिल किया, जबकि अविनाश कुमार को छोटानागपुर टीम ने खरीदा.
जामताड़ा के खिलाड़ियों पर लगी बोली इस प्रकार रही :
खिलाड़ी
टीम
राशि
राम रोशन शरण
धनबाद डायमंड्स
₹3,25,000
प्रिंस अनुराग मुर्मू
रांची टाइटंस
₹2,40,000
ओम सिंह
रांची टाइटंस
₹50,000
मुकेश कुमार
रांची टाइटंस
₹50,000
हतिक आनंद
जमशेदपुर स्टीलर्स
₹50,000
अविनाश कुमार
छोटानागपुर टीम
₹50,000
राजधानी रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित होने वाली इस ऐतिहासिक लीग को लेकर पूरे राज्य के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. पहली बार आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता से झारखंड के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिलेगा.
जामताड़ा जिला क्रिकेट संघ ने चयनित सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत का परिणाम नहीं है, बल्कि जिले में क्रिकेट के बढ़ते स्तर और खेल प्रतिभाओं के विकास का भी प्रमाण है.
जामताड़ा के छह खिलाड़ियों के चयन से जिले में खुशी का माहौल है. खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी आगामी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम गौरवान्वित करेंगे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



