जमशेदपुर: पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकान संचालक पर राशन वितरण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है. राशन कार्डधारियों ने दुकानदार ललिता खंडापातर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उनका लाइसेंस रद्द करने की अपील की है.

ग्रामीणों का आरोप है कि काशीडीह गांव स्थित जन वितरण प्रणाली दुकान से पंचायत के अधिकांश लाभुक राशन प्राप्त करते हैं, लेकिन पिछले चार माह दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च का राशन अब तक उन्हें नहीं मिला है. कार्डधारियों का कहना है कि दुकानदार द्वारा ई-पॉश मशीन में फिंगरप्रिंट लेकर पर्ची दे दी जाती है और अगले महीने राशन देने का आश्वासन देकर वापस लौटा दिया जाता है.
लाभुकों ने आरोप लगाया कि हर महीने इसी तरह राशन रोककर काला बाजारी की जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि दुकान का संचालन नामित दुकानदार के बजाय बिचौलिया दिलीप खंडापातर द्वारा किया जाता है, जो लाभुकों के साथ दुर्व्यवहार भी करता है. लोगों के अनुसार नामित दुकानदार अधिकांश समय दुकान में मौजूद नहीं रहती हैं.
मामले को लेकर ग्रामीणों ने पोटका प्रखंड विकास पदाधिकारी और आपूर्ति पदाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी थी. शिकायत के बाद आपूर्ति विभाग द्वारा जांच की गई, जिसमें अनियमितता पाए जाने पर दुकान को बरखास्त कर दिया गया है. हालांकि अब तक लाभुकों को उनका लंबित राशन नहीं मिल सका है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चार माह का बकाया राशन जल्द उपलब्ध कराया जाए. साथ ही ललिता खंडापातर का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर कोवाली पंचायत में नए जन वितरण प्रणाली दुकान का लाइसेंस जारी किया जाए, ताकि लोगों को समय पर राशन मिल सके.



