पटना: जिले के बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ गंगा घाट पर गुरुवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया. हादसे में 14 से 15 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

जानकारी के अनुसार एक छोटी नाव पर सवार होकर करीब 14 से 15 लोग गंगा के दियारा इलाके में सब्जी तोड़ने जा रहे थे. इसी दौरान दियारा पहुंचने से पहले तेज हवा चलने लगी और नाव अनियंत्रित होकर पलट गई. नाव पलटते ही उसमें सवार सभी लोग गंगा नदी में डूबने लगे.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लोगों के शोर मचाने के बाद आसपास मौजूद नाव चालकों ने राहत कार्य शुरू किया और सात लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया. वहीं हादसे में डूबे लोगों की तलाश के दौरान एक महिला और एक युवक का शव बरामद किया गया है. अभी भी पांच लोगों की तलाश जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना अध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, एसडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचल अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है. गोताखोरों और राहत टीम द्वारा गंगा नदी में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाने में लगी हुई है. फिलहाल प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है.



