आदित्यपुर: भाजपा नेता दीपक सिंह ने सोमवार को जुस्को के अधिकारी सुमित कुमार श्रीवास्तव से मुलाकात कर वार्ड संख्या-34 स्थित बाबाकुटी क्षेत्र में जुस्को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में बेहतर बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई.

दीपक सिंह ने दावा किया कि बहुत जल्द बाबाकुटी में जुस्को बिजली आपूर्ति का रास्ता साफ होगा. उन्होंने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में जेवीबीएनएल के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है, लेकिन व्यवस्था काफी लचर है. हल्की बारिश या मौसम खराब होते ही घंटों बिजली कट जाती है, जिससे भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है.
उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिखते, इसलिए अब वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत महसूस हो रही है. दीपक सिंह ने बाबाकुटी के लोगों से इस पहल का लाभ लेने की अपील करते हुए कहा कि शुरुआती दौर में जुस्को कनेक्शन थोड़ा महंगा जरूर लग सकता है, लेकिन इसकी सेवा और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता जेवीबीएनएल की तुलना में काफी बेहतर है.
उन्होंने बताया कि जल्द ही इस संबंध में स्थानीय लोगों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी और सामूहिक रूप से जुस्को को आवेदन सौंपकर आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी.



