चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देशानुसार रविवार को सोनुआ प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया. दिनभर चले इस शिविर में कुल 30 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.

शिविर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. देवी प्रसाद हांसदा एवं डॉ. आनंद शिंदे ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया. अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए रक्तदान अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.
शिविर की सफलता पर जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ईशा खंडवाल तथा एसीएमओ मीना कालुंडिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और सरकारी कर्मियों द्वारा प्रस्तुत यह पहल समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करेगी.

इस दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि जिन व्यक्तियों का हीमोग्लोबिन स्तर 12 ग्राम या उससे अधिक होता है, वे सुरक्षित रूप से स्वेच्छा से रक्तदान कर सकते हैं. उन्होंने लोगों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने की अपील भी की.
शिविर का मुख्य आकर्षण झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की दीदियों की सक्रिय भागीदारी रही. JSLPS से जुड़ी देवी प्रधान एवं मधुई जामुदा ने न केवल स्वयं रक्तदान किया, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया.
पूरे आयोजन के दौरान प्रशासनिक एवं चिकित्सा टीम मुस्तैद रही. मौके पर मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव, अंचल अधिकारी अनुज टेटे, डॉ. राजकुमार मरांडी सहित विभिन्न विभागों के कर्मी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



