जामताड़ा: जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितैषी बनाने की दिशा में उपायुक्त Alok Kumar लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने शनिवार को नारायणपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न शाखाओं में जाकर अधिकारियों और कर्मियों की उपस्थिति, कार्यालय अभिलेखों तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की. उन्होंने कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों के कार्य समय पर पूरे किए जाएं ताकि उन्हें बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.
कार्यालय परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए डीसी ने सोमवार तक संपूर्ण साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण होना जरूरी है ताकि आमजन बेहतर माहौल में अपनी समस्याएं रख सकें.
उपायुक्त ने कार्यालय में पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और इसे नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए. वहीं जर्जर भवन की स्थिति को देखते हुए भवन मरम्मत और सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा.
जल एवं स्वच्छता योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने पेयजल, चापाकल मरम्मति और पानी जांच किट वितरण की स्थिति की जानकारी ली. पानी जांच किट कार्यालय में पड़े रहने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जल सहियाओं के बीच जल्द वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट समेत अन्य योजनाओं पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने की सख्त हिदायत दी गई. साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी से विभिन्न विकास और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर योजनाओं को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निदेशक डीआरडीए विजय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवराज गुप्ता, परीक्ष्यमान उपसमाहर्ता नेहा कुमारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



