सरायकेला: जिले में कारा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में कारा सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में जेल सुरक्षा से लेकर बंदियों की सुविधाओं तक सभी बिंदुओं पर गंभीर समीक्षा की गई.

बैठक में जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए गए. सीसीटीवी कैमरे, जैमर, सायरन, अग्निशमन उपकरण, रात्रि गश्ती और प्रवेश द्वार पर सघन जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया. प्रशासन ने स्पष्ट कहा कि कारा सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिया कि बंदियों को स्वच्छ और पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं. उन्होंने स्वास्थ्य जांच शिविर, दवा वितरण और जरूरतमंद बंदियों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा.
बैठक में जेल परिसर और उसके आसपास साफ- सफाई बनाए रखने, पेड़ों की टहनियों की छंटाई और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए. साथ ही कारा परिसर में नियमित औचक निरीक्षण और सुरक्षा मानकों के अनुरूप निगरानी बनाए रखने पर जोर दिया गया.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने महिला बंदियों और उनके बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही. उन्होंने आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बच्चों के लिए खिलौने और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए. उन्होंने कारा सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने को कहा.
बैठक में बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने पर भी जोर दिया गया ताकि जेल से बाहर निकलने के बाद वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें. बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जेल अधीक्षक समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



