राजनगर. सरायकेला खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाता चाईबासा मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई. घटना कुजू पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुई जहां तेज रफ्तार पार्वती यात्री बस ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी.

मृतक की पहचान राजनगर प्रखंड के रोलाडीह गांव निवासी सूरज महाकुड़ के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि सूरज पेशे से हाईवा चालक था और वह अपनी मोटरसाइकिल से चक्रधरपुर के नाडुपदा स्थित ससुराल अपनी पत्नी को लाने जा रहा था. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया.
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलने के बाद चाईबासा सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे की खबर सुनते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था.
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर राजनगर थाना पहुंचे और बस मालिक से मुआवजे की मांग की. थाना प्रभारी ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाता चाईबासा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और यात्री बसों की ओवरटेक की होड़ के कारण लगातार सड़क हादसे बढ़ रहे हैं. यात्रियों को बैठाने की प्रतिस्पर्धा में बस चालक लापरवाही से वाहन चलाते हैं जिससे दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं.



