सरायकेला: जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत चाडरी के पास गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित टाटा मैजिक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें तीन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर कर दिया.

घायलों में गुरुवारी कालिंदी (करीब 35 वर्ष), घनश्याम प्रधान, बबलू सामड़, निशा बानरा और उषा बानरा शामिल हैं. बताया जा रहा है कि सभी लोग जमशेदपुर से टाटा मैजिक में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे.
घायलों ने बताया कि चालक काफी तेज गति से वाहन चला रहा था. रास्ते में कई यात्रियों ने उसे धीमी गति से गाड़ी चलाने की अपील भी की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी. आखिरकार लापरवाही और तेज रफ्तार ने बड़ा हादसा करा दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन काफी देर से अनियंत्रित तरीके से सड़क पर दौड़ रहा था. चाडरी के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टाटा मैजिक सीधे सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग चीख-पुकार सुनकर मौके की ओर दौड़ पड़े.
इस हादसे के बाद एक बार फिर ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े होने लगे हैं. जिले में सड़क सुरक्षा अभियान, हेलमेट जांच, सीट बेल्ट जांच और ओवरलोडिंग रोकने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन लगातार हो रहे सड़क हादसे इन अभियानों की जमीनी सच्चाई उजागर कर रहे हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई सिर्फ दिखावे तक सीमित है. तेज रफ्तार यात्री वाहनों और छोटे कमर्शियल वाहनों की नियमित जांच नहीं होने से चालक बेखौफ होकर सड़क पर लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर सड़क पर सख्ती से नियम लागू किए जाते, तो शायद यह हादसा टल सकता था. घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि केवल कागजी अभियान चलाने के बजाय सड़क पर सख्त कार्रवाई की जाए. तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. फिलहाल कांड्रा थाना पुलिस दुर्घटना की जांच में जुट गई है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



