जामताड़ा: प्रेम प्रसंग में घर से निकले एक युवक और युवती की कहानी उस समय नया मोड़ ले बैठी, जब दोनों गलत ट्रेन में सवार होकर जामताड़ा पहुंच गए. देर रात रेलवे ट्रैक के पास भटकते देख पुलिस ने उन्हें सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और मामले को संवेदनशीलता के साथ संभाला.

जानकारी के अनुसार पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित सीता पहाड़ी गांव निवासी 24 वर्षीय इस्माइल शेख का पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद की 18 वर्षीय यास्मीन खातून से प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे बातचीत और मुलाकातों में बदल गई. परिजनों को जब दोनों के रिश्ते की जानकारी मिली तो उन्होंने आपत्ति जताई. परिवार के विरोध के बीच युवक और युवती ने साथ रहने का फैसला किया और घर छोड़ दिया. लेकिन सफर की शुरुआत ही उलझनों से भरी रही. गलत ट्रेन में बैठ जाने के कारण दोनों जामताड़ा स्टेशन पहुंच गए.
मंगलवार देर रात करीब दो बजे जामताड़ा पुलिस की गश्ती टीम और टाइगर पुलिस ने टावर चौक रेलवे ट्रैक के पास दोनों को भटकते हुए देखा. पूछताछ के बाद पुलिस उन्हें थाना ले गई. पुलिस के अनुसार युवक की पहचान इस्माइल शेख, पिता मुस्तकीम शेख, जबकि युवती की पहचान यास्मीन खातून, पिता एनामुल हक के रूप में हुई है. मामले की जानकारी तुरंत दोनों के परिजनों को दे दी गई.
थाना पहुंचे युवक के पिता और भाई ने बताया कि इस्माइल चेन्नई में राजमिस्त्री का काम करता है और हाल ही में घर लौटा था. परिवार का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए ही दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई थी और बाद में रिश्ता आगे बढ़ा.
जामताड़ा पुलिस ने बताया कि युवती बालिग है. परिजनों के आने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दोनों सुरक्षित हैं और पुलिस मामले को पूरी संवेदनशीलता के साथ देख रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



