जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र से पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं.

प्रेस वार्ता में एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था. टीम का नेतृत्व राजेश मंडल ने किया. पुलिस ने 18 मई को करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रतनडीह पहाड़िया टोला और कालाझरिया पेट्रोल पंप के समीप घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान अंसारी, बसीर अंसारी, सकलैन अंसारी, सफाउद्दीन अंसारी और मुजाहिद अंसारी शामिल हैं. सभी आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस के अनुसार रिजवान अंसारी पहले भी एक साइबर कांड में आरोपित रह चुका है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 मोबाइल फोन, 6 फर्जी सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड, 1 पैन कार्ड, 1 आधार कार्ड और 1 मोटरसाइकिल बरामद की है.
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोगों को बैंक या कार्ड बंद होने का डर दिखाकर फोन करते थे. इसके बाद स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाकर बैंक खातों और कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल कर खाते से पैसे ट्रांसफर कर लेते थे.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह महाराष्ट्र, गुजरात और पश्चिम बंगाल के लोगों को निशाना बनाता था. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023), आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और बैंक खातों की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



