जामताड़ा: जिला एक बार फिर राज्य स्तरीय खेल आयोजन का गवाह बनने जा रहा है. 20वीं जूनियर बालिका राज्य स्तरीय खो- खो प्रतियोगिता 2026- 27 का आयोजन 29 मई से 31 मई तक स्थानीय गांधी मैदान में किया जाएगा. प्रतियोगिता में झारखंड के सभी 24 जिलों की बालिका टीमें हिस्सा लेंगी.

प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संत एंथोनी स्कूल, जामताड़ा के सभागार में जामताड़ा जिला खो- खो संघ की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने की.
जिला खो- खो संघ के महासचिव नंदन कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन भारतीय खो- खो संघ के निर्देशानुसार किया जा रहा है. इसमें पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा जिला प्रशासन जामताड़ा का सहयोग रहेगा. यह आयोजन झारखंड राज्य खो- खो संघ के वार्षिक खेल कैलेंडर 2026- 27 के तहत आयोजित होगा. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का संचालन जामताड़ा जिला खो- खो संघ, ऑल स्पोर्ट्स एकेडमी और झारखंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा. प्रतियोगिता में शामिल होने वाली सभी टीमों के लिए आवासन, भोजन और खेल सामग्री की समुचित व्यवस्था की जाएगी. बैठक में संघ के संरक्षक श्यामल मंडल, वरीय उपाध्यक्ष डॉ. चंचल भंडारी, उपाध्यक्ष कमलेश मंडल, भूपेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी, सह कोषाध्यक्ष आकाश साव, संजय पशुरामका, दीपक रजक सहित कई सदस्य उपस्थित रहे. आयोजकों का कहना है कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता से जामताड़ा की खेल पहचान को नई मजबूती मिलेगी और स्थानीय खिलाड़ियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा प्राप्त होगी.



