जमशेदपुर . पोटका प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री पशुधन वितरण योजना के तहत किसानों के बीच बकरी एवं बतख चूजों का वितरण किया गया . कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पोटका विधायक संजीव सरदार ने कुल 17 लाभुक किसानों के बीच पशुधन का वितरण किया. योजना के तहत छह किसानों को 10-10 बीमाकृत बकरी, टब, मग एवं कृमिनाशक दवा उपलब्ध कराई गई . वहीं 11 किसानों को प्रति किसान 30-30 बतख चूजों का वितरण किया गया . पशुधन पाकर किसानों में खासा उत्साह देखा गया .

इस अवसर पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि हेमंत सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है . उन्होंने कहा कि पशुपालन गांवों में स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बन रहा है और मुख्यमंत्री पशुधन योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी.

विधायक ने लाभुक किसानों से पशुधन की बेहतर देखभाल करने और योजना का पूरा लाभ उठाने की अपील की . साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ सही जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाए .
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, बीटीएम कौशल झा, प्रधान लिपिक संजय कुमार, पशुधन सहायक राजकुमार साहू, वैष्णवी इंटरप्राइजेज के अख्तर हुसैन समेत कई विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे . लाभुक किसानों ने सरकार और विधायक संजीव सरदार के प्रति आभार व्यक्त किया .



