आदित्यपुर: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल परिसर में मंगलवार से तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ. पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया है. इस महोत्सव के दौरान महासरस्वती, महावैष्णो देवी, महालक्ष्मी, महाकाल, शिव परिवार और हनुमान जी की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी.

संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ महोत्सव का समापन होगा. उन्होंने बताया कि 21 और 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए दर्शन और पूजा का विशेष आयोजन रखा गया है. इस दौरान भक्त सुबह से शाम तक दर्शन कर सकेंगे और प्रसाद ग्रहण करेंगे. महोत्सव के अंतिम दिन 23 अप्रैल को प्रातः 8 बजे से महाप्रसाद की पूजा शुरू होगी. इसके बाद दोपहर 2 बजे से विशाल लंगर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. वहीं रात में भक्ति जागरण का भी आयोजन किया गया है.
प्रबंधन ने आदित्यपुर और आसपास के ग्रामीणों, बुद्धिजीवियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दर्शन, पूजा और प्रसाद का लाभ उठाएं. पूरे कॉलेज परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जिससे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है.

