जमशेदपुर: शहर में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं. ताजा मामला बिरसानगर थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ का है, जहां मंगलवार शाम बीच सड़क दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया गया. दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब दो अलग- अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया. हमले के दौरान घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. जान बचाने के लिए भाग रहे किशोरों का हमलावरों ने पीछा किया और कुछ दूरी पर घेरकर ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि दूसरे के कान के पास गहरी चोट लगी है.
बीच सड़क पर हुई इस घटना से इलाके में अफरा- तफरी मच गई और बाजार में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. घायलों से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में आपसी विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
लगातार सामने आ रही चापड़बाजी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस की कार्रवाई के बावजूद अपराधियों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं.

