जमशेदपुर: बहरागोड़ा प्रखंड के पानीपाड़ा नागुडसाई में स्वर्णरेखा नदी किनारे मिले द्वितीय विश्व युद्ध काल के दो बमों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया. इनमें से एक बम को सेना की टीम ने बुधवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया है, जबकि दूसरे को डिफ्यूज करने की प्रक्रिया जारी है.

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास करीब एक किलोमीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी थी. पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके.
मौके पर पहुंची सेना की विशेषज्ञ टीम ने अत्याधुनिक तकनीक और पूरी सावधानी के साथ बम निष्क्रिय करने की कार्रवाई की. इस दौरान प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद रहीं. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और दूसरे बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने का कार्य जारी है.

