जामताड़ा/ Manish Baranwal जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति सहित विभिन्न टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों जैसे रूटीन टीकाकरण, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, परिवार नियोजन, नॉन कम्युनिकेबल डिजीज और ई-संजीवनी सेवा की विस्तार से समीक्षा की.


समीक्षा में मैटरनल हेल्थ, संस्थागत प्रसव, एएनसी जांच, बीसीजी कवरेज और पूर्ण टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण मानकों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई. उपायुक्त ने खराब प्रदर्शन करने वाले सीएचओ को चिन्हित कर उनका वेतन बंद करने और उनसे स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया.
उन्होंने कुष्ठ रोग नियंत्रण के लिए सर्वेक्षण कार्य में तेजी लाने और टीबी मुक्त जामताड़ा बनाने के लिए संदिग्ध मरीजों की अनिवार्य जांच एवं समय पर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया.
इसके अलावा अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों एवं मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों को बेहतर इलाज व व्यवहार मिलना चाहिए. बैठक में सिविल सर्जन डॉ ए पी एन देव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, डीपीएम प्रदीप महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.



