बोकारो/ Shubham Mishra झारखंड पुलिस को आधुनिक बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल का असर अब जमीन पर दिखने लगा है. इसी कड़ी में बोकारो पुलिस को 39 अत्याधुनिक पेट्रोलिंग गाड़ियों की बड़ी सौगात मिली है. इन नई गाड़ियों के शामिल होने से जिले की पुलिसिंग व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है.


बोकारो पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि अब तक पुलिस के पास मौजूद कई गाड़ियां काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थीं, जिससे नियमित गश्ती और आपातकालीन कार्यों में दिक्कत आ रही थी. नई अत्याधुनिक गाड़ियों के मिलने से पुलिस बल को तेजी और दक्षता के साथ काम करने में बड़ी सहूलियत मिलेगी.
उन्होंने कहा कि यह पहल मॉडर्न पुलिसिंग की दिशा में एक अहम कदम है और इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित प्रतिक्रिया और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी. बुधवार को बोकारो पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में सभी 39 पेट्रोलिंग गाड़ियों का फ्लैग ऑफ किया गया. इस दौरान अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर इन गाड़ियों को आम जनता की सेवा में समर्पित किया.

