आदित्यपुर/ Shubham Mishra नगर क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित सतपथी होटल की मालकिन शान्तिलता सतपथी का लंबी बीमारी के बाद बुधवार सुबह करीब 6 बजे निधन हो गया. वे पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था.


बताया जाता है कि बीते कुछ दिनों में उनकी स्थिति काफी गंभीर हो गई थी, जिसके बाद उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही सतपथी परिवार समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
शान्तिलता सतपथी स्वर्गीय सुदर्शन सतपथी की धर्मपत्नी थीं और अपने मिलनसार एवं सरल स्वभाव के लिए जानी जाती थीं. उन्होंने परिवार और व्यवसाय को समर्पित भाव से संभाला, जिससे समाज में उनकी विशेष पहचान बनी. इसकी जानकारी मिलते ही मेयर संजय सरदार एवं विश्व हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. जे. एन. दास ने गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.
उनके आवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है, जहां लोग पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं. स्व. शान्तिलता सतपथी अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे पार्वती घाट में पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा.

