सरायकेला/ Pramod Singh जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरूडीह बाईपास के पास पंचू ढाबा के समीप सोमवार शाम दो बाइकों की जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान खरसावां थाना क्षेत्र के बेगानाडीह गांव निवासी अर्जुन मल्लिक (52) के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक अचेत अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है. उसकी उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है.


घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने अर्जुन मल्लिक को मृत घोषित कर दिया. वहीं घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार अर्जुन मल्लिक बुरूडीह के निकट निर्माणाधीन रुंगटा स्टील प्लांट में सिविल ठेकेदार के रूप में कार्यरत थे. सोमवार शाम वे प्लांट से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बुरूडीह बाईपास के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर दो युवक सवार थे. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्जुन मल्लिक सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पीछे बैठा युवक मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

