सरायकेला/ Pramod Singh झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव को लेकर गुरुवार को सरायकेला बार एसोसिएशन में मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से उत्साहपूर्वक शुरू हुई. समाचार लिखे जाने तक करीब 40 प्रतिशत अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था.

सरायकेला बार एसोसिएशन में कुल 234 सदस्य हैं. ये सभी सदस्य स्टेट बार काउंसिल के प्रतिनिधियों के चयन के लिए मतदान कर रहे हैं. चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. इसके लिए दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी यश्मिता सिंह को नियुक्त किया गया है.

मतदान की निगरानी के लिए प्रभात कुमार को प्रेजाइडिंग ऑफिसर बनाया गया है, जबकि रांची से आए सुशील कुमार वर्मा पोलिंग ऑफिसर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
इस चुनाव में प्रत्येक मतदाता को कुल 23 सदस्यों के लिए मतदान करना है, जिनमें 18 पुरुष और 5 महिला उम्मीदवार शामिल हैं. चुनाव नियमों के अनुसार प्रत्येक मतदाता को कम से कम 5 उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करना अनिवार्य है. यदि कोई मतदाता 5 से कम वोट करता है तो उसका मतपत्र अमान्य माना जाएगा. मतदान प्रक्रिया शाम 5 बजे तक जारी रहेगी. इसके बाद मतपेटियों को सील कर मतगणना के लिए रांची भेज दिया जाएगा. बार एसोसिएशन के सचिव देवाशिष ज्योतिषी ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है और पूरी चुनावी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो रही है.

