सरायकेला: देश के प्रमुख धार्मिक तीर्थस्थलों से संतों का एक पवित्र जत्था भगवान जगन्नाथ धाम पुरी के दर्शन के लिए रवाना हुआ है. इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और मार्ग में कई स्थानों पर संतों के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं.

जानकारी के अनुसार काशी, वृंदावन, अयोध्या, मथुरा और हरिद्वार से संतों का जत्था भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए ओडिशा स्थित पुरी धाम की ओर प्रस्थान कर चुका है. संतों की यह यात्रा भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत बताई जा रही है.
यात्रा के दौरान संत विभिन्न धार्मिक स्थलों पर रुककर पूजा-अर्चना भी करेंगे. पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के बाद लौटते समय संतों का यह जत्था खरसावां के हरिभंजा स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी दर्शन- पूजन करेगा.
संतों के आगमन को लेकर खरसावां और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. यात्रा के क्रम में संतों का रात्रि विश्राम खरसावां के रामगढ़ स्थित श्री विद्या विनोद सिंहदेव के निवास पर किया जाएगा. यहां संतों के स्वागत के साथ सत्संग का भी आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. धार्मिक आस्था से जुड़ी इस यात्रा को भक्त आध्यात्मिक एकता और सनातन परंपरा का प्रतीक मान रहे हैं.

