सरायकेला/ Pramod Singh समाहरणालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने सभी मामलों की गंभीरता से सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित इस जनता दरबार में जिले के अलग- अलग क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतों और आवेदनों की सुनवाई की गई. उपायुक्त ने प्राप्त मामलों के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
जनता दरबार में मुख्य रूप से सरायकेला अंचल क्षेत्र में गलत रकबा दर्ज होने के कारण पिछले दो वर्षों से लंबित म्यूटेशन से जुड़ी शिकायत सामने आई. इसके अलावा बिरसा मुंडा स्टेडियम में हाटिया नहीं लगाने तथा खेल गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए हाटिया बाजार को अन्य निर्धारित स्थानों पर संचालित करने से संबंधित आवेदन भी दिया गया.
साथ ही स्टेडियम परिसर में लगी लाइटों की मरम्मत कराने की मांग भी उठाई गई, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिल सके. इसके अतिरिक्त चांडिल प्रखंड के टुईडूंगरी गांव से एक मामला सामने आया, जिसमें ग्राम सभा द्वारा चयनित ग्राम प्रधान के स्थान पर पारंपरिक अधिकार के तहत पिता के निधन के बाद उनके पुत्र को ग्राम प्रधान के रूप में मान्यता देने की मांग की गई.
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों को उपायुक्त ने संबंधित विभागों को अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजते हुए नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही अधिकारियों को पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.

