सरायकेला: सदर अस्पताल में नेत्र चिकित्सक द्वारा मरीज से इलाज के नाम पर पैसे मांगने के आरोप के बाद गुरुवार को सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी अस्पताल पहुंच गए. उन्होंने मरीज और उसके परिजनों से पूरी जानकारी ली और मौके पर ही संबंधित चिकित्सक को कड़ी फटकार लगाई.

जानकारी के अनुसार खरसावां प्रखंड के रामपुर निवासी अरुण महतो अपने मैजिक वाहन में काम करने के दौरान घायल हो गए थे, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट लग गई. परिजन उन्हें इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां नेत्र चिकित्सक डॉ. पी. एम. बाड़ा ने जांच के बाद कथित रूप से कहा कि यहां इलाज संभव नहीं है. आरोप है कि डॉक्टर ने 15 हजार रुपये देने पर इलाज करने की बात कही.
मरीज के परिजनों ने इसकी सूचना नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी को दी. सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी लेते हुए डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा. इस दौरान मनोज चौधरी ने डॉक्टर को फटकार लगाते हुए सरकारी अस्पताल में मरीजों से पैसे मांगने को गंभीर मामला बताया.
मनोज चौधरी ने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नकुल प्रसाद चौधरी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की और संबंधित नेत्र चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में गरीब मरीज इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में उनसे पैसे मांगना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.
मनोज चौधरी ने बताया कि नागेश्वर महतो ने उन्हें फोन पर सूचना दी थी कि उनके परिजन की आंख में चोट लगी है और अस्पताल में डॉक्टर इलाज के लिए पैसे मांग रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब डॉक्टर से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने अभद्र व्यवहार किया.
इस दौरान झामुमो जिला उपाध्यक्ष भोला महंती, प्रखंड अध्यक्ष सुरेश हेंब्रम, वार्ड पार्षद अविनाश कवि, गौतम नायक सहित कई लोग मौके पर मौजूद थे. मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है.

