रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को अपने पैतृक गांव नेमरा में आयोजित पारंपरिक ‘बाहा पर्व’ में सपरिवार शामिल हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गांव के जाहेर थान पहुंचकर पारंपरिक विधि- विधान के साथ पूजा- अर्चना की और राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की.

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ग्रामीणों के साथ अपने निवास से पदयात्रा करते हुए जाहेर थान पहुंचे. परंपरा के अनुसार गांव के नायके बाबा (पाहन) चैतन टुडू और कुडम नाइके बाबा (उप पाहन) छोटू बेसरा ने विधिवत पूजा संपन्न कराई. इस दौरान पूरे गांव में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्साह का माहौल देखने को मिला.

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर नेमरा और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया. परंपरा के अनुरूप ग्रामीण ढोल- नगाड़ा और मांदर की थाप के साथ मुख्यमंत्री के साथ जाहेर थान तक पहुंचे. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी मांदर बजाकर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया. उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत और अभिनंदन किया.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी और विधायक कल्पना सोरेन सहित सपरिवार दो दिवसीय दौरे पर नेमरा पहुंचे हैं. उनके गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने पहुंचे. मुख्यमंत्री ने भी आत्मीयता के साथ लोगों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व बातों को सुना.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को ‘बाहा पर्व’ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे पारंपरिक पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं.

