सरायकेला: झारखंड विधानसभा सचिवालय के पत्र संख्या 01 स्था-44/2020-91/विस्था. दिनांक 20 जनवरी 2026 के आलोक में कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा की सीनेट में झारखंड विधानसभा के माननीय सदस्यों का नामांकन अधिसूचित किया गया है.

जारी अधिसूचना के अनुसार कोल्हान विश्वविद्यालय की सीनेट के लिए छह विधायकों को नामित किया गया है. इनमें मंझगांव विधायक निरल पूर्ति, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु और घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन शामिल हैं.
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि नामित सदस्यों का कार्यकाल झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 2000 (अनुकूलित) में निहित प्रावधानों तथा समय-समय पर किए गए संशोधनों के अनुरूप होगा.
विश्वविद्यालय प्रशासन और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने इस नामांकन को कोल्हान विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.

