चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. हांसाडुगरी काला ईंट भट्टा के आगे मुख्य सड़क पर अवैध रूप से बनाए गए ब्रेकर बंपर को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर समतल कर दिया गया.

जानकारी के अनुसार, उक्त स्थान पर दो कंक्रीट संरचनाएं लगाकर अवैध तरीके से ब्रेकर बंपर तैयार कर दिया गया था. इससे सड़क पर आवागमन कर रहे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. कई वाहन चालकों ने अचानक बने ऊंचे अवरोध के कारण दुर्घटना की आशंका भी जताई थी.
स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत किए जाने के बाद नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई की. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह निर्माण बिना किसी अनुमति के किया गया था और यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहा था. नगर परिषद अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण कराने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने यह भी संकेत दिया कि क्षेत्र में इस तरह के अन्य अवैध निर्माणों की भी जांच की जाएगी.
