सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 20 से झामुमो नेता और झारखंड आंदोलनकारी रहे तीन बार के पार्षद वीरेंद्र गुप्ता के चुनावी रेस से बाहर होने के बाद इस बार उनकी पत्नी प्रभावती देवी को मैदान में उतारा गया है. शुक्रवार को प्रभावती देवी ने नामांकन प्रपत्र खरीदकर चुनावी समर में उतरने की औपचारिक घोषणा कर दी. रोस्टर प्रणाली के तहत वार्ड संख्या 20 इस बार महिला आरक्षित हो गया है, जिसके कारण तीन बार पार्षद रह चुके वीरेंद्र गुप्ता चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं. ऐसे में उन्होंने अपनी पत्नी को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है. प्रभावती देवी ने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से अपने पति के साथ मिलकर वार्ड की जनता की सेवा करती आ रही हैं. बदले राजनीतिक समीकरण के कारण इस बार उनके पति चुनावी मैदान में नहीं हैं, इसलिए जनता ने उन्हें जिम्मेदारी उठाने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि पति द्वारा पूर्व में किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना अब उनकी प्राथमिकता होगी. वीरेंद्र गुप्ता के पुत्र सावन गुप्ता भाजपा नेता हैं. पिता-पुत्र दोनों राजनीति के साथ-साथ समाज सेवा में सक्रिय रहे हैं. प्रभावती देवी ने कहा कि उनके पति ने बिना किसी भेदभाव के वार्ड की जनता की सेवा की है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का आशीर्वाद मिला तो वार्ड के सभी अधूरे कार्य पूरे किए जाएंगे.


