जामताड़ा/ कुंडहित संवाददाता: शुक्रवार को मुख्यालय समेत प्रखंड के विभिन्न स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों तथा पूजा समितियों में विद्या की देवी हंसवाहिनी सरस्वती की पूजा हर्षोल्लासपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. विद्यार्थियों, महिलाओं और युवाओं में इस अवसर को लेकर खासा उत्साह देखा गया.

पूजा स्थल पर आकर्षक पंडाल बनाए गए थे और मां सरस्वती की प्रतिमा को भव्य रूप से सजाया गया था. कुंडहित प्रखंड के शारदा कोचिंग सेंटर, सिंह वाहिनी प्लस टू विद्यालय, प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, मॉडर्न पब्लिक आवासीय विद्यालय, आदर्श मध्य विद्यालय सहित प्रखंड के सभी विद्यालयों में श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा संपन्न हुई.
बरमसिया मोड़ में अनंत मंडल एवं सहयोगियों द्वारा भव्य पंडाल का निर्माण कर सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया.
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की. पूरे प्रखंड में उत्सव और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला.

