जमशेदपुर: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के उड़नदस्ता टीम ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत शुक्रवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन से एक चोर को गिरफ्तार किया. पकड़े गए आरोपी की पहचान जुगसलाई निवासी मोहम्मद चांद के रूप में हुई.

RPF के अनुसार, पकड़े गए आरोपी ने दो दिन पहले टाटा रेलवे स्टेशन से एक यात्री का पर्स चोरी किया था, जिसमें 17,000 रुपये नकद और आधार कार्ड शामिल थे. मामला सामने आने के बाद उड़नदस्ता टीम लगातार सतर्क रही और जैसे ही मोहम्मद चांद दुबारा स्टेशन पर आया, उसे पकड़ लिया गया.
मोहम्मद चांद के खिलाफ पहले भी यात्री के सामान चोरी करने के आरोप में दो बार टाटानगर रेल थाना और जुगसलाई थाना में केस दर्ज हो चुका है, जिनमें उसे जेल की सजा भी भुगतनी पड़ी थी.
घटना के बाद RPF टीम ने आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए टाटानगर रेल थाना के सुपुर्द कर दिया. रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की कि वे अपने सामान पर विशेष ध्यान दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत RPF को दें.

