चाईबासा/ Jayant Pramanik पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को सोनुआ थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई. सोनुआ थाना अंतर्गत लोंजो पंचायत के करम्बा और नचलदा गांव में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को पुलिस ने नष्ट कर दिया.

यह अभियान चक्रधरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में दंडाधिकारी की उपस्थिति में गठित विशेष टीम द्वारा चलाया गया. पूर्व सूचना के आधार पर टीम चिन्हित क्षेत्रों में पहुंची और जांच के बाद अवैध अफीम की फसल को उखाड़कर विनष्ट कर दिया गया.

सोनुआ थाना प्रभारी एवं पुलिस बल के जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से खेतों में लगी अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट किया. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी परिस्थिति में नशे की अवैध खेती को पनपने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें अफीम की खेती के गंभीर कानूनी परिणामों और संभावित जेल की सजा के बारे में जानकारी दी. साथ ही समाज में व्याप्त डायन प्रथा जैसी कुरीतियों के खिलाफ जागरूक किया गया और इसे सामाजिक अपराध बताया गया. ग्रामीणों को अवैध गतिविधियों से दूर रहकर सरकारी योजनाओं और वैध कृषि पद्धतियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया. पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अफीम कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है.

