चांडिल/ Vikash Thakur अनुमंडल के तिरुलडीह थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर रविवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. यह अभियान तिरुलडीह थाना अंतर्गत शहीद चौक के पास आयोजित किया गया. अभियान का संचालन पुलिस निरीक्षक सह यातायात थाना प्रभारी सरायकेला- खरसावां राजू के मार्गदर्शन में किया गया. इस दौरान तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे.

अभियान के दौरान आम लोगों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया.
पुलिस ने लोगों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की.
पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है. इसी क्रम में सड़क पर चल रहे मोटरसाइकिल चालकों के बीच हेलमेट का वितरण भी किया गया.
पुलिस प्रशासन ने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं सतर्क रहें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें.
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग करने की बात कहीं.

