आदित्यपुर: मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर बुधवार को नगर निगम के वार्ड नंबर 32 में डोर टू डोर कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का शुभारंभ मार्ग संख्या 16 के मुख्य मार्ग से किया गया. इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व उपाध्यक्ष सह पार्षद रहे पुरेंद्र नारायण सिंह ने वार्ड के प्रत्येक घर में जाकर बुजुर्गों को दो- दो कंबल भेंट किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया.

इस दौरान कुल 1000 कंबलों का वितरण किया गया, जिससे ठंड के इस मौसम में जरूरतमंद लोगों को राहत मिली. कंबल वितरण कार्यक्रम में समाजसेवी एसएन. यादव, देव प्रकाश देवता, अधिवक्ता संजय कुमार, संजय शर्मा, संतोष कुमार यादव, सिमरन मेहरा, अरविंद कुमार सिंह, संतोष महतो, शरद चंद्र शर्मा उर्फ वकील, सनोज कुमार ठाकुर, राहुल राय और वीरेंद्र तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
ज्ञात हो कि आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड 32 में राजनीतिक सरगर्मी भी तेज है. इस वार्ड से पार्षद पद के लिए टाटा स्टील के अधिकारी पंकज कुमार सिंह की पत्नी अस्मिता कुमारी के संभावित उम्मीदवार होने की चर्चा है. अस्मिता कुमारी बीटेक शिक्षित हैं और उनके पिता डॉ. प्रोफेसर दिगंबर नाथ झा हैं. माना जा रहा है कि उन्हें पुरेंद्र नारायण सिंह द्वारा पूर्व में किए गए विकास कार्यों का सीधा लाभ मिल सकता है.
पुरेंद्र नारायण सिंह के कार्यकाल में वार्ड 32 में पाइपलाइन के माध्यम से घर- घर नल जल योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया गया. इसके अलावा रोड नंबर 16 और 17 में पार्क का निर्माण तथा रोड नंबर 15 में मैदान का समतलीकरण जैसे कई जनहितकारी कार्य किए गए, जिनका लाभ आज भी वार्ड की जनता को मिल रहा है.
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 32 में पुरेंद्र नारायण सिंह के कार्यकाल के दौरान ही पहली बार गलियों में नई सीवरेज ड्रेनेज लाइन बिछाने और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य शुरू किया गया था. इन विकास कार्यों के कारण आज भी वार्ड की जनता उनके योगदान को याद कर रही है.

