ईचागढ़: प्रखंड क्षेत्र के तिरुलडीह-2 पंचायत अंतर्गत धुंधाडीह गांव में शनिवार को 16 दलों के बीच एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सविता महतो शामिल हुईं. इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल को एकाग्रता और अनुशासन के साथ खेलने से निश्चय ही लक्ष्य की प्राप्ति होती है. उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया.
विधायक ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि मानसिक मजबूती और अनुशासन भी विकसित होता है.
कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, स्थानीय मुखिया, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे.

