चाईबासा/ Jayant Pramanik सोनुआ प्रखंड के रामचंद्रपुर स्थित संत पीटर स्कूल मैदान में गुरुवार को क्रिसमस के अवसर पर दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया. नव युवक संघ कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पोड़ाहाट पंचायत के मुखिया जोसेफ मुर्मू ने फीता काटकर किया.

प्रतियोगिता के पहले दिन बच्चों, लड़कियों, युवाओं और महिलाओं के लिए अलग-अलग खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया. खेल मैदान में खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिला. विभिन्न गांवों और क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को रोचक बना दिया.
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि गुरुवार को प्रारंभिक दौर की प्रतियोगिताएं संपन्न कर सफल प्रतिभागियों का चयन कर लिया गया है. चयनित खिलाड़ी शुक्रवार को फाइनल मुकाबलों में हिस्सा लेंगे, जिसके बाद विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा.
इस अवसर पर नव युवक संघ कमेटी के सदस्य चुमर सिंह सुरीन, जयपाल मार्डी, गोपीन माझी, विशाल दास, गोपाल माझी, बलदेव सोरेन, सोहराय माझी और लखीराम मार्डी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी उपस्थित थे. आयोजन को सफल बनाने में सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई.

