नई दिल्ली: दरभंगा जिले के जाले प्रखंड अंतर्गत रतनपुर गांव की प्रतिभाशाली बालिका आराध्या ठाकुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का परचम लहराते हुए पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है. समाजसेवी केशव ठाकुर की पुत्री आराध्या ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के 63वें स्थापना दिवस समारोह में भरतनाट्यम की प्रभावशाली प्रस्तुति दी.

यह भव्य समारोह डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन ऑडिटोरियम, दिल्ली कैंट में आयोजित किया गया, जहां स्कूली शिक्षा में उत्कृष्टता के 63 वर्षों का उत्सव मनाया गया. इस अवसर पर आराध्या ने शिव के साथ पार्वती के रूप में शास्त्रीय भरतनाट्यम नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. उनकी प्रस्तुति को कला-सौंदर्य, अनुशासन और भाव-प्रस्तुति के लिए विशेष सराहना मिली.
कार्यक्रम में भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव श्री संजय कुमार (आईएएस) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. शिक्षा मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुश्री प्राची पांडे सहित मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न स्वायत्त संस्थानों के प्रमुखों ने भी कार्यक्रम की सराहना की. संसद सत्र के कारण केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान समारोह में शामिल नहीं हो सके.
कक्षा 7 की छात्रा आराध्या ठाकुर वर्तमान में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सेक्टर–25, रोहिणी की छात्रा हैं. उनका चयन कठोर साधना और भरतनाट्यम में उत्कृष्ट दक्षता के आधार पर इस राष्ट्रीय मंच के लिए किया गया था. उनकी प्रस्तुति ने न केवल विद्यालय, बल्कि जिले और राज्य का भी नाम रोशन किया.
आराध्या के पिता केशव ठाकुर एवं परिवार के सदस्यों ने इसे उनकी मेहनत, लगन और कला के प्रति समर्पण का परिणाम बताया. विद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया. विशेष रूप से उस समय विद्यालय को गौरव की अनुभूति हुई, जब केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त श्री विकास गुप्ता (आईएएस) ने आराध्या को अपना विशेष आशीर्वचन प्रदान किया.
रतनपुर गांव सहित पूरे जाले प्रखंड में आराध्या की इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सफलता से क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.
video

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
