धनबाद: अशर्फी अस्पताल के सामने 01 अक्टूबर 2024 को हुए मोहम्मद शहाबुद्दीन सिद्धिकी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस कांड में वांछित बमकर चौधरी उर्फ पंकजकर चौधरी शहर में ही छिपकर रह रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और 05 दिसंबर 2025 की शाम धनबाद के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की गई. इस दौरान बमकर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया.
पूछताछ के दौरान बमकर चौधरी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि हत्याकांड में शामिल बाहरी शूटरों को धनबाद में ठहराने और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने का काम दीपक वर्मा करता था. इस जानकारी के बाद पुलिस ने 06 दिसंबर 2025 की सुबह छापेमारी कर दीपक वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में दीपक वर्मा ने स्वीकार किया कि वह प्रिंस खान गिरोह से जुड़ा हुआ है. वह बाहर से आए शूटरों के रहने और खाने की व्यवस्था करता था और स्थानीय कारोबारियों से लेवी वसूल कर विभिन्न माध्यमों से गिरोह तक पहुंचाता था.
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि बमकर चौधरी पूर्व में भी हत्या समेत कई गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
