सरायकेला/ Pramod Singh थाना के सीनी ओपी क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य सड़क को जाम कर दिया. घटना के चौदह घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन द्वारा सड़क जाम हटाया नहीं जा सका है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों की मांग है कि मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और दोषी वाहन चालक पर कड़ी कार्रवाई हो. हालांकि हाइवा मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये दिए जाने का प्रस्ताव देने की सूचना सामने आ रही है, लेकिन ग्रामीण इसे नाकाफी बताते हुए अधिक मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं.
इस पूरे मामले में सीनी ओपी प्रभारी की लापरवाही भी खुलकर सामने आ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि घटना के तुरंत बाद ओपी प्रभारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते तो शायद आज सड़क जाम जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती. सूचना मिलने के बावजूद ओपी प्रभारी करीब दो घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंचे, जबकि सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार और खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार उनसे पहले ही मौके पर पहुंच चुके थे.
फिलहाल सरायकेला सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार सिंह, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार और खरसावां थाना प्रभारी गौरव कुमार मौके पर मौजूद रहकर ग्रामीणों से लगातार बातचीत कर रहे हैं और जाम हटाने का प्रयास जारी है. समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम समाप्त होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

