जमशेदपुर/ Rasbihari Mandal कोवाली थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार देर रात तीन अवैध बालू लदे हाईवा को जब्त किया. पुलिस को पिछले कई दिनों से क्षेत्र में अवैध खनन की लगातार शिकायत मिल रही थी. इसी आधार पर विशेष निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया गया.

गुप्त सूचना के अनुसार लाइलोम घाटी की ओर से तीन हाईवा कोवाली की तरफ बढ़ रहे थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वाहन जांच शुरू की. जांच के दौरान चालकों से वैध कागजात मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका. इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए थाना भेज दिया.
थाना प्रभारी ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है और आगे भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे. वहीं स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं. सूत्रों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन कई बालू लदे ट्रक गुजरते हैं, लेकिन केवल कुछ वाहनों पर ही कार्रवाई की जाती है. लोगों का कहना है कि मामले में राजनीतिक प्रभाव की भी आशंका है.
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार जब्त किए गए तीनों हाईवा पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में और भी सख्त अभियान चलाया जाएगा.

