सरायकेला/ Bipin Varshney कांड्रा एवं रायबासा क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है. विद्युत विभाग ने रविवार को निर्धारित रखरखाव कार्य के कारण छह घंटे की बिजली कटौती की घोषणा की है. सहायक विद्युत अभियंता संजय सवैया द्वारा जारी सूचना के अनुसार फीडर संख्या 6 कांड्रा 11 केवी तथा रायबासा 33 केवी लाइन पर तकनीकी मरम्मत और मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा.

अधिकारियों के अनुसार रविवार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक इन फीडरों से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी. इस दौरान लाइन की जांच, उपकरणों की मरम्मत, ढीले कंडक्टरों को ठीक करने और ट्रांसफार्मर से संबंधित जरूरी तकनीकी काम किए जाएंगे. विद्युत विभाग का कहना है कि यह कार्य भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है.
विभाग ने कांड्रा, रायबासा एवं आसपास के सभी उपभोक्ताओं से निर्धारित समय में सहयोग और समझ की अपील की है. विभाग का कहना है कि यह असुविधा अस्थायी है, लेकिन इससे आने वाले समय में सुचारू बिजली सेवा प्रदान करने में सहायता मिलेगी.

