जमशेदपुर: मानगो थाना अंतर्गत दाईगुट्टू क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला हुआ जिसके बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. घायल विकास साहू दाईगुट्टू में अपनी दुकान चलाते हैं.

जानकारी के अनुसार, विकास साहू मानगो चौक से होते हुए अपने दुकान की ओर जा रहे थे. हनुमान मंदिर के पास चार- पांच युवक सड़क किनारे खड़े थे. विकास ने उनसे रास्ता देने को कहा. इसी बात पर युवकों में से एक ने अचानक गाली- गलौज शुरू कर दी और अपनी कमर से चापड़ निकालकर विकास पर हमला कर दिया.
हमले में विकास साहू के हाथ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं. स्थानीय लोगों ने हमलावर को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. बाकी युवक मौके से फरार हो गए. घायल विकास को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में यह झगड़ा आपसी कहासुनी से जुड़ा प्रतीत होता है. फरार युवकों की पहचान और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

