सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला टाइगर क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय चंपाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता 2025 का शुभारंभ शनिवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में किया गया. प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष सह सरायकेला टाइगर क्लब के संरक्षक सोनाराम बोदरा ने फुटबॉल को किक मारकर किया.

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई. उद्घाटन मुकाबला मिस्टी फुटबॉल क्लब सरायकेला और वीरबुरु पगला हाथी टीमों के बीच खेला गया. इस दौरान स्टेडियम में खेल प्रेमियों की अच्छी- खासी भीड़ देखने को मिली.

मुख्य अतिथि सोनाराम बोदरा ने अपने संबोधन में कहा कि सरायकेला टाइगर क्लब वर्ष 2022 से लगातार चंपाई कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है. इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें एक मंच प्रदान करना है ताकि वे भविष्य में राज्य और देश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें.
उन्होंने कहा कि खेलकूद से न केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि मानसिक चेतना और अनुशासन भी विकसित होता है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ खेलने की अपील की. मौके पर लिपू मोहंती सहित सरायकेला टाइगर क्लब के सदस्य, स्थानीय खेल प्रेमी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.

