हजारीबाग: पुलिस ने कोर्रा थाना क्षेत्र में डकैती की योजना बना रहे पांच कुख्यात अपराधियों को हथियार और लूट के सामान के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) अमित आनंद ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात कनहरी हिल फॉरेस्ट एरिया में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर अपराधियों को दबोचा गया. गिरफ्तार अपराधियों में धनीराम सोरेन उर्फ नेपाली, बलराम मुंडा, किशोर कुमार उर्फ बिहारी, तैयब अंसारी और विकास कुमार शामिल हैं.
पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, 48 ग्राम सोना, 98 ग्राम चांदी, आठ मोबाइल फोन, एक बोलेरो और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं.

अधिकारियों ने बताया कि धनीराम सोरेन और बलराम मुंडा पर पहले से ही हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, डकैती और CLA/UAPA जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं. इस संबंध में कोर्रा थाना में कांड संख्या 185/2025 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता है और आगे भी ऐसे अपराधियों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

