जामताड़ा/ Yogesh Kumar भारतीय जनता पार्टी, जामताड़ा जिला के तत्वावधान में जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को “आत्मनिर्भर भारत विधानसभा स्तरीय सम्मेलन” का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मुख्य अतिथि केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और भाजपा नेता विकास महतो रहे.

पोसई मोड़ पर भाजपा की मीडिया प्रभारी आभा आर्य और बबीता झा ने केंद्रीय मंत्री का शॉल ओढ़ाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया. इस अवसर पर कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी भीड़ मौजूद रही.
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अग्रसर है. स्वदेशी अपनाना ही आत्मनिर्भर भारत का मूलमंत्र है. भारत की संस्कृति और परंपरा सदैव स्वदेशी उत्पादों से जुड़ी रही है. हमें प्रधानमंत्री के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए.”
मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी चाहते हैं कि हर भारतीय अपने उत्पाद पर गर्व करे और देश की अर्थव्यवस्था को स्वदेशी के माध्यम से मजबूत बनाए. उन्होंने प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम का भी उल्लेख किया और कहा कि आज नरेंद्र मोदी विश्व स्तर पर सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं.
आईआरसीटीसी घोटाले पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नपूर्णा देवी ने कहा, “कानून अपना काम कर रहा है और सभी समान हैं.” बिहार में एनडीए की सीट शेयरिंग पर उन्होंने कहा कि सबकुछ आपसी सहमति से हुआ है और वरिष्ठ नेता जितन राम मांझी एनडीए को सशक्त बनाना चाहते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की जनता फिर से पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनाएगी.
बंगाल के दुर्गापुर गैंगरेप कांड पर उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिला मुख्यमंत्री होते हुए भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. पश्चिम बंगाल में तुष्टिकरण की राजनीति हावी है, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है.”

मुख्य रूप से पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, भाजपा युबा मोर्चा प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, जिला महामंत्री दिलीप हेंब्रम, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, संतन मिश्रा, भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, तरुण गुप्ता, विनोद मंडल, सुनील हांसदा, नगर परिषद अध्यक्ष कमल गुप्ता, किसान मोर्चा प्रदेश मंत्री कमलेश मंडल, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबिता झा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष चंडी चरण दे, जिला मंत्री मोहन शर्मा और सुजाता सिंह, जिला मीडिया प्रभारी आभा आर्या, सह मीडिया प्रभारी प्रदीप राउत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष कुणाल सिंह, सभी मंडल अध्यक्ष और कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
