सरायकेला: जिले में अपराध पर रोक लगाने के लिए सरायकेला- खरसावां पुलिस ने शनिवार की रात विशेष अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कई थाना क्षेत्रों में वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की गई. इस दौरान पुलिस टीमों ने कुल 11 अपराधियों को गिरफ्तार किया.


अभियान का संचालन अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला एवं चांडिल और सभी थाना प्रभारियों के निर्देशन में किया गया. पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई विभिन्न अपराध शीर्ष जैसे आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या, उत्पाद अधिनियम, संपत्तिमूलक कांड और नक्सल मामलों में की गई.

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सरायकेला, राजनगर, आदित्यपुर, गम्हरिया और ईचागढ़ थाना क्षेत्रों के कुल 11 आरोपी शामिल हैं. इनमें नुरूल इस्लाम, शाबीर हुसैन, हरिपद ज्योतिषि, अधीर कुमार प्रधान, टुना सोरेन उर्फ अम्पाई सोरेन, गोपाल सरकार, मोटु हाजाम उर्फ मनबोध हाजाम, निरंजन दास, नारायण सरदार, भूषण मुर्मू उर्फ टाकला और विष्णु महतो शामिल हैं.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की निगरानी को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ निगरानी अधीन अपराधकर्मियों का भी भौतिक सत्यापन किया जा रहा है. एसपी ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले में कानून- व्यवस्था पूरी तरह कायम रखी जा सके.

