आरा: बिहार के भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत धोबी घटवा रोड पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान उदवंतनगर थाना क्षेत्र के जीरो माइल निवासी सुनील कुमार यादव के पुत्र रंजीत कुमार के रूप में की गई है.

जानकारी के अनुसार, रंजीत रोजाना की तरह सुबह पढ़ने के लिए धोबी घटवा जा रहा था. इसी दौरान अचानक सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक आ गया. ट्रक को देखकर रंजीत घबरा गया और सड़क पर रखे बालू के ढेर में फंसकर गिर पड़ा. तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया. हादसे में रंजीत की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. मृतक के पिता सुनील कुमार यादव बिहार पुलिस में कार्यरत हैं और फिलहाल पटना में तैनात हैं. बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
इधर, हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की. स्थानीय निवासी प्रेम चंद यादव ने बताया कि जब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचते और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक जाम नहीं हटेगा.
सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि लोग अभी भी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं. घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

