नई दिल्ली: गुरुवार की रात यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आर्चरी प्रीमियर लीग (APL) का भव्य शुभारंभ हुआ. इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा, सुप्रसिद्ध अभिनेता राम चरण, आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.

अर्जुन मुंडा ने कहा कि आईपीएल की तर्ज़ पर तैयार APL का उद्देश्य तीरंदाजी को नई दिशा और ऊंचाई देना है. यह लीग युवा खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के साथ- साथ उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान भी दिलाएगी. उन्होंने बताया कि इस लीग में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज भी शामिल होंगे, जिससे इसका वैश्विक महत्व और बढ़ेगा.
दशहरे के मौके पर लीग का उद्घाटन करते हुए तेलुगु सुपरस्टार राम चरण ने कहा कि तीरंदाजी हमारे इतिहास और संस्कृति का हिस्सा है. इस खेल से रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथों का गहरा जुड़ाव है. उन्होंने कहा कि पहली बार भारत में तीरंदाजी लीग का आयोजन हो रहा है और मुझे गर्व है कि यह पूरी तरह भारतीय बोर्ड द्वारा शुरू की गई पहल है.

Archery Premier League 2025 का पहला सीजन 2 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक आयोजित होगा. इस बार लीग में छह दमदार टीमें हिस्सा ले रही हैं. इसमें पृथ्वीराज योद्धा (दिल्ली), काकतीय नाइट्स (तेलंगाना), माइटी मराठा (महाराष्ट्र), राजपुताना रॉयल्स (राजस्थान), चेऱो आर्चर्स (झारखंड) और चोल चीफ्स (तमिलनाडु). इस आयोजन से भारतीय तीरंदाजी को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
