आदित्यपुर: वार्ड संख्या 31 अंतर्गत राममंदिर परिसर में लगे हाईमास्ट लाइट और आसपास की स्ट्रीट लाइट बीते एक साल से खराब हैं. नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश और उनकी टीम ने डीसी और केंद्रीय शांति समिति की बैठकों में दावा किया था कि पूजा के पहले लाइट दुरुस्त कर दी जाएगी.

लेकिन महाषष्ठी बीत जाने के बाद भी यह लाइट खराब ही बनी हुई है. पूजा कमिटी के अध्यक्ष विनय कृष्ण राजू ने कहा कि निगम में कमीशनखोरी का बोलबाला है और जनता की सुविधा के कामों में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है.
पूर्व पार्षद रिंकू राय ने कहा कि उनके वार्ड के मार्ग संख्या 11 के सभी स्ट्रीट लाइट खराब हैं और कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई. साथ ही, राममंदिर के पास सड़क किनारे बने बड़े नाले का ढक्कन वर्षों से खुला पड़ा है. रविवार सुबह एक स्कूटी सवार उस ढक्कन में गिरकर घायल हो गया. शांति समिति की बैठक में इस मामले को उठाया गया था, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है.
स्थानीय नागरिक और पूजा कमिटी ने निगम और प्रशासन से अपील की है कि लाइट और नाले के ढक्कन जैसी समस्याओं का तुरंत स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि जनता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

