सरायकेला/ Pramod Singh सदर अस्पताल सरायकेला में आयोजित कार्यक्रम “स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार” अभियान की शुरुआत में ही स्वास्थ्य विभाग नाकाम साबित हुआ. खबर प्रकाशित होते ही विभाग अलर्ट हो गया है. सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने विभाग की नाकामी को छिपाने के लिए आनन- फानन में स्वास्थ्य कर्मियों के लिए स्पष्टीकरण जारी किया है. साथ ही 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है.

जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि कार्यक्रम को देखते हुए 17 सितंबर को जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्र एवं कार्यालयों को पूर्व की भांति खुला रखते हुए सभी कर्मियों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था. स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी के निर्देश को दरकिनार करते हुए अधिकांश कर्मी अनुपस्थित रहे. इसका परिणाम यह रहा कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान कार्यक्रम में महिलाओं की उपस्थिति गिनती की रही, जो कार्यक्रम को विफल बनाने और अभियान को नाकाम करने का प्रतीक है. इंडिया न्यूज वायरल ने कार्यक्रम की विफलता को प्रमुखता से प्रकाशित किया जिसके बाद आनन- फानन में विभाग ने स्पष्टीकरण जारी किया.
मालूम हो कि देश के प्रधानमंत्री के 75वें जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से देशभर में “स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार” अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है. इसके तहत जिले में भी कार्यक्रम का आगाज किया गया. कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन के साथ जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने शिरकत की. इतने महत्वपूर्ण कार्यक्रम जिसमें जन प्रतिनिधि से लेकर जिले के आला अधिकारी ने अपनी सहभागिता दी, उसे भी सिविल सर्जन ने गंभीरता से नहीं लिया.
इसका प्रमाण इस बात से भी लगाया जा सकता है कि स्वास्थ्य विभाग के मीडिया ग्रुप में बुधवार को प्रोग्राम शुरू होने से मात्र डेढ़ घंटे पहले मीडिया को कार्यक्रम की सूचना दी गई. इससे सिविल सर्जन के कार्यक्रम के प्रति गंभीरता को समझा जा सकता है.

